आज पृथ्वी का मंगल से होगा सामना, सूर्य की सीध में आएंगे दोनों ग्रह।।

ग्रह, नक्षत्र और अंतरिक्ष की दुनिया में रुचि रखने वालों के लिये मंगलवार, 13 अक्टूबर का दिन बहुत खास है, इस दिन पृथ्वी का मंगल से सामना सामना होगा। मंगलवार को मंगल, पृथ्वी और सूर्य एक सीध में आ रहे हैं। इस दिन शाम के समय जब पश्चिम मेंं सूर्य अस्त हो रहा होगा तो पूर्व में मंगल उदित हो रहा होगा। इस समय पृथ्वी से नजदीक होने के कारण यह बड़ा एवं स्पष्ट दिखाई देगा। 

राष्ट्रीय अवार्ड प्राप्त भोपाल की विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि इस खगोलीय घटना को मार्स एट अपोजिशन कहा जाता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मंगल ग्रह की पृथ्वी से दूरी भी दूरी घटकर लगभग 6 करोड़ 20 लाख किलोमीटर रह गई है। अब इससे कम दूरी के लिये 11 सितम्बर 2035 का इंतजार करना होगा, जब यह दूरी 5 करोड़ 69 लाख किलोमीटर रहेगी।

सारिका ने बताया कि मंगल और पृथ्वी हर 26 माह बाद एक-दूसरे के पास आ जाते हैं। दोनो ग्रहों के अंडाकार पथ में घूमने के कारण तथा पृथ्वी और मंगल की कक्षा कुछ डिग्री से झुकी होने के कारण इस दूरी का मान घटता-बढ़ता रहता है। पृथ्वी से नजदीकी के कारण मंगल पर अंतरिक्ष अभियान भेजने का सबसे अच्छा समय है, इसलिये नासा, यूएई और चीन के अंतरिक्षयान मंगल की यात्रा पर भेजे गये हैं। सौरमंडल के चौथे और पृथ्वी के पड़ौसी ग्रह से मंगलमिलन की घड़ी आ गई है। अगर बादल बाधा न बने तो बिना किसी टेलिस्कोप खाली आंखों से पूर्व दिशा में इस खगोलीय घटना को देखा जा सकता है।

मंगल की वैज्ञानिक जानकारी

मंगल का एक साल- 687 पृथ्वी के दिन के बराबर

मंगल का एक दिन-24 घंटे 37 मिनिट

चंद्रमा की संख्या- 2 फोबोस और डेमियोस

वातावरण- 96 प्रतिशत: कार्बनडाईआक्साईड, 2 प्रतिशत नाईट्रोजन

 (इनपुट-हिन्दुस्थान समाचार)

0 comments:

Post a Comment

We love hearing from our Readers! Please keep comments respectful and on-topic.