जनता के साथ गहराई से जुड़े थे राम विलास पासवान : राष्‍ट्रपति।।

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के संस्थापक रामविलास पासवान का गुरुवार रात निधन हो गया। वे 75 वर्ष के थे। वह पिछले कुछ दिनों से यहां एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती थे। हाल ही में उनके दिल का ऑपरेशन हुआ था। उनके निधन पर राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई राजनेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।  

राष्‍ट्रपति कोविंद ने ट्वीट करके लिखा, "आपातकाल विरोधी आंदोलन के दौरान जयप्रकाश नारायण जैसे दिग्गजों से लोकसेवा की सीख लेने वाले पासवान जी फायरब्रांड समाजवादी के रूप मे उभरे। उनका जनता के साथ गहरा जुड़ाव था और वे जनहित के लिए सदा तत्पर रहे। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदना।"

उपराष्‍ट्रपति वेंकैय नायडू ने कहा कि राम विलास पासवान का निधन देश के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्‍होंने अपने सम्‍पूर्ण जीवन में पिछड़े व वंचित लोगों के उत्थान के लिए कार्य किये। 

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा राम विलास पासवान जी ने राजनीति में अपनी मेहनत व लगन के बल पर आगे बढ़े। इमर्जेंन्‍सी में भी उन्‍होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। देश की कई नीतियों को बनाने में उनका अभूतपूर्व योगदान है।  
 
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने ट्वीट किया कि रामविलास पासवान जी का निधन एक बेहद ही दुखद समाचार है। वो जिंदगी भर दलित, पिछड़े सभी समूहों के लिए लड़ते थे। मंत्रीमंडल में वो बहुत सक्रिय रहते थे। प्रधानमंत्री मोदी जी पर उनका बहुत विश्वास था।  
 
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने आजीवन समाज के वंचित-अभावग्रस्त वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया। श्री बिरला ने ट्वीट कर कहा, "केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूँ। उन्होंने आजीवन समाज के वंचित-अभावग्रस्त वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। दुख की घड़ी में परिवार के प्रति गहन संवेदनाएँ। ॐ शान्ति। लोकनायक जयप्रकाश नारायण के पदचिन्हों पर चलते हुए पासवान जी ने समाजवादी आंदोलन को सशक्त किया। छात्र राजनीति से लेकर सांसद के रूप में लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक परंपराओं को निष्ठा व आदर के साथ निभाया। उनका जीवन हमें सदैव प्रेरणा देता रहेगा।" 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सदैव गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण व अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले हम सबके प्रिय राम विलास पासवान जी के निधन से मन अत्यंत व्यथित है। शाह ने ट्वीट कर पासवान के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, "उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा राष्ट्रहित और जनकल्याण को सर्वोपरि रखा। उनके स्वर्गवास से भारतीय राजनीति में एक शून्य उत्पन्न हो गया है।"  

उन्होंने एक अन्य ट्वीट कर कहा, "चाहे 1975 के आपातकाल के विरुद्ध संघर्ष करना हो या मोदी सरकार में कोरोना महामारी में गरीब कल्याण के मंत्र को सार्थक करना हो, राम विलास पासवान जी ने इन सभी में अद्वितीय भूमिका निभाई है। कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहते हुए, पासवान जी अपने सरल व सौम्य व्यक्तित्व से सबके प्रिय रहे।"

 उल्लेखनीय है कि रामविलास पासवान का 74 वर्ष की आयु में गुरुवार रात को निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से यहां एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती थे, हाल ही में उनके दिल का ऑपरेशन हुआ था। पासवान केंद्र की मोदी सरकार में लोक वितरण, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री थे। पांच जुलाई 1946 को बिहार के खगड़िया में उनका जन्म हुआ था। वह मौजूदा समय में राज्यसभा के सदस्य और लोक वितरण, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री थे।

0 comments:

Post a Comment

We love hearing from our Readers! Please keep comments respectful and on-topic.